Wednesday, 12 August 2026 |  मेरठ, उत्तर प्रदेश
🔴 Breaking News

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का मंडलायुक्त और डीआईजी ने लिया जायजा, गाजियाबाद बॉर्डर से मुजफ्फरनगर बॉर्डर तक किया निरीक्षण

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का मंडलायुक्त और डीआईजी ने लिया जायजा, गाजियाबाद बॉर्डर से मुजफ्फरनगर बॉर्डर तक किया निरीक्षण

Meerut. श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए मेरठ मंडलायुक्त भानुचंद्र गोस्वामी और डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने सोमवार को गाजियाबाद बॉर्डर (निवाड़ी) से मुजफ्फरनगर बॉर्डर (खतौली) तक गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जानी पुल, भोला झाल, नानू पुल, दौराला पुल और सलावा झाल सहित पूरे कांवड़ मार्ग की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने भोला झाल स्थित पुलिस सहायता केंद्र और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का निरीक्षण किया। साथ ही सुपर जोनल और जोनल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कांवड़ ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कांवड़ सेवा शिविरों और मेडिकल कैंपों का भी निरीक्षण किया तथा शिवभक्तों से सीधे संवाद कर उनकी सुविधाओं की जानकारी ली। शिविरों में भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और विद्युत सुरक्षा की भी जांच की गई। महिला पुलिसकर्मियों को महिला शिवभक्तों से संवाद बनाए रखने और उनकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग, ड्रोन निगरानी, वॉच टावर और आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरों के संचालन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पुलिस बल को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ाने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और त्वरित सहायता के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।