कांवड़ यात्रा 2026: मेरठ जोन में ट्रैफिक प्लान पर हुआ मंथन, 15 जुलाई से लागू हो सकता है डायवर्जन
मेरठ। कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर मेरठ जोन पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीआईजी कला निधि नैथानी समेत कई जिले के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और डायवर्जन प्लान को लेकर मंथन किया गया।
15 जुलाई से ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया जा सकता है, हालांकि अंतिम निर्णय अभी लिया जाना बाकी है। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि इस बार कुछ वाहनों को दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के जरिए भी निकाला जा सकता है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव कम किया जा सके। हालांकि इस व्यवस्था पर अभी अंतिम मुहर लगनी बाकी है।
एडीजी भानु भास्कर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। इसके साथ ही आम लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसे ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंतिम ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जल्द जारी किया जाएगा, जिसके बाद पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
कांवड़ यात्रा 2026: मेरठ जोन में ट्रैफिक प्लान पर हुआ मंथन, 15 जुलाई से लागू हो सकता है डायवर्जन