Mp. सिंगरौली नगर निगम की कमिश्नर सविता प्रधान ने मानवता और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की है। एक कैंसर पीड़ित बच्ची की भावनाओं को समझते हुए उन्होंने अपना सिर मुंडवा लिया, ताकि बच्ची खुद को अकेला और अलग महसूस न करे।
जानकारी के अनुसार, कमिश्नर सविता प्रधान एक कैंसर पीड़ित बच्ची से मिलने पहुंचीं। बातचीत के दौरान बच्ची ने बताया कि कीमोथेरेपी की वजह से उसके सारे बाल झड़ गए हैं, जिससे वह खुद को दूसरों से अलग और असहज महसूस करती है।
यह सुनकर कमिश्नर ने बच्ची से पूछा, अगर मैं भी तुम्हारी तरह दिखूं, तो क्या तुम्हें खुशी होगी? बच्ची ने मुस्कुराते हुए हां में जवाब दिया।
इसके बाद सविता प्रधान ने बिना देर किए अपना सिर मुंडवा लिया। कमिश्नर को अपने जैसा देखकर बच्ची के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। इस भावुक पल ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।
कमिश्नर का यह कदम सोशल मीडिया पर भी खूब सराहा जा रहा है। लोग इसे संवेदनशील प्रशासन और मानवीय सोच की मिसाल बताते हुए उनकी प्रशंसा कर रहे हैं।