नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो संदेश जारी कर देश के छात्रों को बड़ा भरोसा दिया। उन्होंने घोषणा की कि परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार के लिए सरकार ने एक हाई पावर टास्क फोर्स का गठन किया है। इस टास्क फोर्स की अगुवाई इंफोसिस के सह-संस्थापक और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ नंदन नीलेकणी करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, भरोसेमंद और तकनीक आधारित बनाने के लिए यह टास्क फोर्स सुझाव देगी और सुधारों को लागू करने की दिशा में काम करेगी। सरकार का उद्देश्य छात्रों का विश्वास मजबूत करना और परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित बनाना है।
इससे पहले प्रधानमंत्री पेपर लीक के मुद्दे पर भी वीडियो संदेश जारी कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि सरकार पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करेगी और दोषियों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे। अब परीक्षा सुधारों के लिए हाई पावर टास्क फोर्स के गठन को उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।