बागपत। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजकुमार सांगवान ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर विशेष रेल सेवाएं शुरू करने, अतिरिक्त कोच लगाने, प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने और रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने की मांग की है।
सांसद ने कहा कि बागपत जिले का पौराणिक पुरा महादेव मंदिर भगवान शिव के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक है। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों श्रद्धालु यहां जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान दिल्ली–बागपत–खेकड़ा–बड़ौत–शामली–सहारनपुर रेलखंड पर यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है, जिससे ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ हो जाती है।
पत्र में रेल मंत्री से चार प्रमुख मांगें की गई हैं—
कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली–बागपत–खेकड़ा–बड़ौत–शामली–सहारनपुर रेलखंड पर कम से कम दो विशेष ट्रेनों का संचालन कराया जाए।
इस रूट पर चलने वाली उपयुक्त ट्रेनों में यात्रा अवधि के दौरान कम से कम दो अतिरिक्त सामान्य कोच लगाए जाएं, ताकि भीड़ का सुरक्षित प्रबंधन हो सके।
लोनी, खेकड़ा, गोठरा, टटीरी (बागपत रोड), सूजरा हाल्ट, बड़ौत, कासिमपुर खेड़ी और बूढ़पुर सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आवश्यकतानुसार ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
भविष्य की बढ़ती यात्री संख्या और धार्मिक पर्यटन को देखते हुए टटीरी (बागपत) और बड़ौत रेलवे स्टेशनों के उच्चीकरण, सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी जाए।
सांसद ने कहा कि पुरा महादेव मंदिर पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक तीर्थ स्थल है। इन प्रस्तावों के लागू होने से न केवल लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिलेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और भारतीय रेलवे की यात्री सेवाओं तथा राजस्व में भी सकारात्मक वृद्धि होगी।
उन्होंने रेल मंत्री से जनहित और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
बागपत सांसद ने रेल मंत्री से की मांग, कांवड़ यात्रा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने और अतिरिक्त कोच लगाने का आग्रह