लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 11 सितंबर के बुलंदशहर दौरे से पहले हेलीपैड को लेकर नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। अखिलेश यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि प्रशासन उनके कार्यक्रम को रद्द करने का बहाना तलाश रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि बुलंदशहर में हेलीपैड पर दूर-दूर तक जलभराव नहीं है। उनका आरोप है कि सीमेंट, गारा और पेवर ब्लॉक्स दिखाकर हेलीपैड को लेकर समस्या बताई जा रही है और इसके पीछे शासन के गुपचुप निर्देश हैं। उन्होंने मांग की कि सपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में निष्पक्ष विशेषज्ञों से हेलीपैड की जांच कराकर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए।
अखिलेश ने सड़क मार्ग का जिक्र करते हुए भी सरकार और प्रशासन पर तंज कसा। उन्होंने सवाल किया कि यदि वह सड़क मार्ग से बुलंदशहर आते हैं तो क्या एक्सप्रेसवे, हाईवे या दूसरी सड़कों की खराब स्थिति को भी उनके कार्यक्रम में बाधा का कारण बनाया जाएगा।
सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट के आखिर में सवाल उठाया— जनता पूछ रही है कि हैलीपैड और मौसम केवल विपक्ष के लिए ही क्यों ख़राब होता है?
पहले 12 सितंबर को होना था PDA महासम्मेलन
अखिलेश यादव के बुलंदशहर कार्यक्रम को लेकर पिछले कई दिनों से खींचतान चल रही है। पहले 12 सितंबर को PDA महासम्मेलन प्रस्तावित था। कार्यक्रम के लिए सपा की ओर से नुमाइश मैदान और पुलिस लाइन हेलीपैड की अनुमति मांगी गई थी। अनुमति को लेकर पार्टी नेताओं और प्रशासन के बीच गतिरोध भी सामने आया था। बाद में प्रशासन ने शहर के बजाय कमालपुर गांव में जनसभा की सशर्त अनुमति दे दी थी।
इसके बाद 12 सितंबर का PDA महासम्मेलन स्थगित कर दिया गया और कार्यक्रम बदलकर 11 सितंबर कर दिया गया। सपा जिलाध्यक्ष मतलूब अली के मुताबिक अब अखिलेश यादव डीएम रोड स्थित ग्रीन इंडिया होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक प्रस्तावित कार्यक्रम में अखिलेश यादव के हेलीकॉप्टर से बुलंदशहर पहुंचने और पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरने की योजना है। दोपहर करीब एक बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित बताई गई है।
अब अखिलेश यादव की ताजा पोस्ट के बाद मामला सिर्फ कार्यक्रम की तैयारियों तक सीमित नहीं रहा है। उन्होंने सीधे शासन-प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़ा कर दिया है। ऐसे में 11 सितंबर के दौरे से पहले हेलीपैड को लेकर सपा और प्रशासन के बीच नई सियासी खींचतान देखने को मिल सकती है।