मेरठ। मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के हर्रा कस्बे में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर, ब्यूटिशियन और रील क्रिएटर निशा चौहान (40) की उसके पति प्रदीप ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद पर भी चाकू से कई वार कर लिए। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि प्रदीप ने निशा को बेडरूम से खींचकर हॉल में लाया और उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गले पर भी वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद प्रदीप ने खुद पर भी चाकू से हमला कर लिया और वहीं गिर पड़ा। घर में मौजूद तीनों बच्चे—देव (17), शुभ (16) और एंजेल (12) चीखते हुए बाहर निकले। उनकी आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
सूचना मिलते ही सरूरपुर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली और जांच शुरू कर दी। निशा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि आरोपी पति का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इंस्टाग्राम पर थीं लोकप्रिय
निशा चौहान खुद को अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर “Reel Creator, Beautician & Actor” बताती थीं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 24.4 हजार फॉलोअर्स थे और उन्होंने करीब 960 पोस्ट साझा की थीं।
पुलिस का क्या है कहना
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वजह की जांच की जा रही है। आरोपी के बयान, फॉरेंसिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।