Saturday, 26 September 2026 |  मेरठ, उत्तर प्रदेश
🔴 Breaking News

यूपी को फिर बांटने की कोशिश कर रहे समाजवादी: नितिन नवीन

यूपी को फिर बांटने की कोशिश कर रहे समाजवादी: नितिन नवीन

मेरठ में भाजपा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिया 2027 का मंत्र, बोले- विकास का रथ रुकने नहीं देना

कांग्रेस पर भी हमला, कहा- चौधरी चरण सिंह और बाबा साहेब आंबेडकर को मोदी और अटल ने दिया सम्मान

Meerut. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मेरठ की क्रांति धरा से कांग्रेस और समाजवादियों पर ‘डिवाइड एंड रूल’ की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अंग्रेज चले गए, लेकिन उनकी बांटो और राज करो की नीति को पहले कांग्रेस और बाद में समाजवादियों ने अपना लिया। कार्यकर्ताओं को संकल्प लेना होगा कि इस नीति को उत्तर प्रदेश में दोबारा लागू नहीं होने देंगे।

भाजपा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में नितिन नवीन ने कहा कि पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भय और अराजकता का वातावरण था, जबकि आज भरोसे और कानून का राज है। पहले विकास का ठहराव था और आज प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी घूम-घूमकर उत्तर प्रदेश को फिर बांटने का काम कर रहे हैं।

2027 में खेले जा रहे खेल को करना है खत्म

नितिन नवीन ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में जो खेल खेलने का प्रयास किया जा रहा है, उसे खत्म करना है और प्रदेश के विकास के रथ को रुकने नहीं देना है। उन्होंने प्रदेश में आए बदलाव का श्रेय भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया।

चौधरी चरण सिंह और बाबा साहेब को लेकर कांग्रेस पर हमला

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों के लिए संघर्ष किया, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें सम्मान नहीं दिया और उनकी सरकारों को गिराने का काम किया। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह को सम्मान देने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।

नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को कांग्रेस और उसके साथियों ने अपमानित किया, जबकि उन्हें सम्मान दिलाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया। उन्होंने संत कबीर दास का भी उल्लेख किया और कहा कि कांग्रेस के लोग केवल अपने परिवार के लोगों का जन्मदिन मनाते थे।