मेरठ में शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में दिया बूथ मैनेजमेंट का मंत्र, बोले- हर परिवार की मैपिंग रखें, पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी तय करें
सपा, बसपा और कांग्रेस पर हमला, कहा- पहले ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ थी पहचान, आज मेडिकल कॉलेज और स्थानीय उत्पाद बन रहे पहचान
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का मंत्र देते हुए कहा कि समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने वाली ताकतों से सावधान रहना होगा। शक्ति केंद्र संयोजक हर बूथ की समीक्षा करें, प्रभावी टीम बनाएं, पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी तय करें और एक-एक परिवार की मैपिंग रखें।
सुभारती विश्वविद्यालय के जनरल मोहन सिंह प्लेग्राउंड में भाजपा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर परिवारवाद और जातिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर राष्ट्र है।
महापुरुष किसी एक जाति के नहीं
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महापुरुषों को जातियों में बांटने की कोशिश होगी, जबकि महापुरुष पूरे राष्ट्र के होते हैं। उन्होंने कोतवाल धन सिंह गुर्जर, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह और दुर्गा भाभी का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े स्थानों के सौंदर्यीकरण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी जिक्र किया।
पहले ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’, अब बदली पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ से होती थी, जबकि आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ नई पहचान बन रहे हैं। उन्होंने मेरठ की रेवड़ी, हापुड़ के पापड़ और मुजफ्फरनगर के गुड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई जा रही है।
योगी ने कहा कि प्रदेश में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई और परंपरागत उद्यमों के जरिए 3.25 करोड़ नौजवान रोजगार से जुड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे, कर्फ्यू से व्यापार प्रभावित होता था और नौजवानों की नौकरियों पर डकैती पड़ती थी।
नमो भारत, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और एयरपोर्ट का जिक्र
मुख्यमंत्री ने पश्चिमी यूपी के विकास का जिक्र करते हुए एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ नमो भारत, मेरठ में बन रहे मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उल्लेख किया। उन्होंने फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और सेमीकंडक्टर यूनिट को भी प्रदेश में हो रहे विकास से जोड़ा।
राम मंदिर से काशी विश्वनाथ तक
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नया भारत अपनी विरासत पर गर्व करता है। उन्होंने अयोध्या के श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, मथुरा-वृंदावन, शुकतीर्थ और विदुर कुटी का जिक्र किया। कांवड़ यात्रा को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अब कोई कांवड़ यात्रा और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को नहीं रोक सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे पहचान मिली है, मुझे मेरे राम मिले हैं, मुझे मेरे कृष्ण मिले हैं और मुझे भोले शंकर मिले हैं।”
हर परिवार की मैपिंग रखें
मुख्यमंत्री ने शक्ति केंद्रों को संगठन की ताकत बताते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ की समीक्षा और प्रभावी टीम का गठन हो। शक्ति केंद्र, बूथ संयोजक, प्रभारी और पन्ना प्रमुखों का शत-प्रतिशत गठन सुनिश्चित किया जाए। एक-एक परिवार की मैपिंग और सर्वे कार्यकर्ताओं के पास रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव से काम करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. भोला सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम क्षेत्र प्रभारी राम प्रताप सिंह, पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष नवाब सिंह नागर समेत राष्ट्रीय, प्रदेश और क्षेत्र के पदाधिकारी तथा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक मौजूद रहे।