April 29, 2026
•
By The Nation Eye
परिवारवाद, माफियाराज, अराजकता और दंगों के दौर में विकास नामुमकिन था: योगी आदित्यनाथ
मेरठ/हरदोई। भगवान विष्णु के परम भक्त प्रहलाद की उद्धार भूमि हरदोई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में परिवारवाद की राजनीति, माफियाराज और अराजकता का ऐसा माहौल था, जिसमें विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश दंगों, माफिया और खराब कानून-व्यवस्था के लिए जाना जाता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन और विकास का नया दौर शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने गंगा एक्सप्रेस-वे को यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बताते हुए कहा कि 594 किलोमीटर लंबा यह 6-लेन एक्सप्रेस-वे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा और पश्चिम से पूर्वांचल तक कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में एक्सप्रेसवे, हाईवे और ग्रामीण सड़कों का मजबूत नेटवर्क तैयार हुआ है, जिससे उत्तर प्रदेश तेजी से देश की आर्थिक ताकत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
