मेरठ। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, विभागीय नोडल अधिकारियों तथा पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ रिहर्सल ब्रीफिंग की।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा मेरठ का अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। सभी अधिकारी बेहतर समन्वय और निरंतर संवाद बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने मीट और शराब की दुकानों पर लागू प्रतिबंधों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने वन एवं कृषि विभाग को संयुक्त रूप से कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सर्पदंश से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा। साथ ही सभी कांवड़ शिविरों में सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने, शिविरों के सामने डीजे न लगाने, खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने और ढाबों, होटलों व रेहड़ी-पटरी संचालकों द्वारा मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने और कांवड़ मार्ग से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कराने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी अविनाश पांडे ने कहा कि कांवड़ यात्रा के लिए जोन, सुपर जोन और सेक्टर स्तर पर मजिस्ट्रेटों व पुलिस अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। कांवड़ मार्गों पर एआई आधारित कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही डीजे की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, कांवड़ियों को गलत दिशा में आवागमन से रोकने और वाहनों की गति नियंत्रित रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए आपसी समन्वय बनाए रखें। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी छोटी घटना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने और अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं पर समय रहते नियंत्रण करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में एसपी सिटी गोपाल विनायक गोखले, एसपी देहात अभिजीत कुमार, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।