मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र के छौली गांव में तीन वर्षीय मासूम की मौत के मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है। पुलिस ने बच्चे की मां रुचि जिंदल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि महिला ने अपने प्रेमी से मोबाइल पर बात करते समय रो रहे बेटे का गला घोंट दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 28 जून की है। बच्चे के पिता कृष्ण मुरारी गुप्ता, जो गांव में मेडिकल स्टोर चलाते हैं, उस समय दुकान पर थे। इसी दौरान पत्नी ने उन्हें फोन कर बताया कि उनका तीन वर्षीय बेटा लगातार रोने के बाद अचानक बेहोश हो गया है। परिवार बच्चे को कई डॉक्टरों के पास ले गया और बाद में मथुरा के एक निजी अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने शुरुआत में यह मान लिया कि उसी दिन पोलियो की दवा पिलाए जाने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई होगी। किसी तरह की आशंका न होने के कारण शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
करीब एक महीने बाद मामला तब खुला, जब पिता ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी से फोन पर घटना का जिक्र करते हुए सुन लिया। इसके बाद परिवार को शक हुआ। महिला के देवर ने मोबाइल की कॉल डिटेल की जांच की, जिसमें एक युवक से लंबे समय तक बातचीत होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई।
पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, बच्चे के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और कॉल डिटेल रिकॉर्ड समेत सभी साक्ष्यों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।