प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)। प्रयागराज में मुंबई से आए एक नवविवाहित दंपति के साथ आधी रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रेलवे स्टेशन के पास होटल में ठहरे दंपति का अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने युवती से अशोभनीय हरकत (बैड टच) की, दोनों के मोबाइल फोन लूट लिए और उन्हें बंधक बनाकर ले जाने लगे। सूचना मिलते ही डायल-112 की पीआरवी टीम ने तत्काल पीछा किया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर दंपति को सुरक्षित मुक्त करा लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक रमीज़ और उनकी पत्नी मुशीरा शेख मुंबई से हवाई यात्रा कर प्रयागराज पहुंचे थे। दोनों रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में रुके हुए थे। देर रात करीब 2:30 बजे युवती की तबीयत बिगड़ने पर दोनों मेडिकल सहायता लेने के लिए होटल से बाहर निकले और ई-रिक्शा में बैठ गए।
इसी दौरान एक कार, जिस पर भारत सरकार लिखा हुआ था, उनके पास आकर रुकी। आरोप है कि कार सवार लोगों ने खुद को प्रभावशाली बताकर दोनों को जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद दंपति के मोबाइल फोन छीन लिए गए और युवती के साथ बदसलूकी की गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पीआरवी टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने वाहन का पीछा कर आरोपियों को दबोच लिया और दंपति को सुरक्षित छुड़ा लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील, सूरज और आशीष के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह रेलवे स्टेशन और आसपास के होटलों में ठहरने वाले यात्रियों, विशेषकर नवविवाहित या घर से भागकर आए प्रेमी-युगलों को निशाना बनाता था। पुलिस का मानना है कि ऐसे कई पीड़ित सामाजिक कारणों या कानूनी झंझट से बचने के लिए शिकायत दर्ज नहीं कराते थे, जिसका फायदा यह गिरोह उठाता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, लूट, महिलाओं से छेड़छाड़ सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने इससे पहले कितनी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है।