मेरठ में 6 महीने के मासूम समीर की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, सहारनपुर निवासी शबाना ने अपने प्रेमी विशाल के साथ मिलकर मासूम बेटे की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि बच्चे को मेरठ के एक नाले में फेंक दिया गया, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई।
मेरठ में 13 जुलाई को एक नाले से छह महीने के मासूम समीर का शव बरामद हुआ था। उस समय उसकी पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन अब पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या प्रेम संबंधों के चलते की गई।
पुलिस के मुताबिक, सहारनपुर निवासी शबाना की इंस्टाग्राम के जरिए हापुड़ के विशाल से दोस्ती हुई। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत जल्द ही मुलाकातों में बदल गई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद दोनों साथ रहने की योजना बनाने लगे।
जांच के अनुसार, 12 जुलाई को शबाना अपने छह महीने के बेटे समीर को दवा दिलाने के बहाने घर से निकली। परिवार को लगा कि वह शहर जा रही है, लेकिन वह मेरठ पहुंच गई, जहां रात करीब 11 बजे उसकी विशाल से मुलाकात हुई।
पुलिस का आरोप है कि विशाल ने बच्चे को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। उसने शबाना से कहा कि वह बच्चे को एक दोस्त के घर छोड़कर आता है। इसी दौरान उसने मासूम समीर को एक गहरे नाले में फेंक दिया। इसके बाद शबाना विशाल के साथ हापुड़ चली गई।
उधर, समीर के पिता इमरान पत्नी और बेटे की तलाश में जुटे रहे। 26 जुलाई को वह हापुड़ पहुंचा, जहां शबाना मिल गई, लेकिन समीर का कोई पता नहीं था। पूछताछ में मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने मेरठ में मिले अज्ञात बच्चे के शव की तस्वीरें दिखाईं। इमरान ने उसकी पहचान अपने बेटे समीर के रूप में की।
पुलिस ने विशाल को गिरफ्तार कर लिया है। शबाना की भूमिका की भी जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी परिस्थितियों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।