Wednesday, 12 August 2026 |  मेरठ, उत्तर प्रदेश
🔴 Breaking News

कांवड़ यात्रा पर मेरठ DIG कलानिधि नैथानी का हाई अलर्ट, बोले- सुरक्षा में कोई चूक नहीं होनी चाहिए

कांवड़ यात्रा पर मेरठ DIG कलानिधि नैथानी का हाई अलर्ट, बोले- सुरक्षा में कोई चूक नहीं होनी चाहिए

Meerut. श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर मेरठ रेंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शनिवार को DIG मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने पल्लवपुरम कांवड़ मार्ग, मोदीपुरम स्थित सीसीटीवी/वायरलेस सब कंट्रोल रूम और अस्थायी पुलिस चौकी का निरीक्षण कर सुरक्षा, ट्रैफिक और निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए मेरठ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने शनिवार को पल्लवपुरम स्थित कांवड़ मार्ग का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मोदीपुरम स्थित सीसीटीवी/वायरलेस सब कंट्रोल रूम और अस्थायी पुलिस चौकी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी ब्रजेश कुमार, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले, सीओ दौराला शिव ठाकुर, थाना प्रभारी पल्लवपुरम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीआईजी ने मौके पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जनसुविधाओं और सीसीटीवी निगरानी की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कांवड़ यात्रा के प्रत्येक चरण की लगातार और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रखी जाएं।

डीआईजी ने मोदीपुरम स्थित सीसीटीवी सब कंट्रोल रूम में मौजूदा कैमरों के साथ आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कैमरों की फीड जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि पूरे कांवड़ मार्ग पर रियल टाइम निगरानी रखी जा सके।
उन्होंने कांवड़ मार्ग के सभी कटों पर ‘धीरे चलें’ के सांकेतिक बोर्ड लगाने और अतिरिक्त साइनेज स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही मोदीपुरम, पल्लवपुरम और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल रिजर्व में रखने को कहा।

डीआईजी ने वायरलेस संचार व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के पास वायरलेस सेट उपलब्ध हो तथा सभी नियमित रूप से संपर्क बनाए रखें।
इसके अलावा डिवाइडरों पर नियमानुसार वनस्पति की छंटाई, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लाउड हेलर के माध्यम से लगातार यातायात एवं सुरक्षा संबंधी घोषणाएं, शहर के अंदर जाने वाले मार्गों को जाममुक्त रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने विशेष रूप से कहा कि सभी राजपत्रित अधिकारी केवल हमराह के साथ नहीं, बल्कि क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी साथ लेकर क्षेत्र का भ्रमण करें, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और निर्बाध व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय, सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।