Meerut. भारतीय किसान यूनियन धनसिंह कोतवाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर ने एथनॉल नीति को लेकर देश में फैल रही भ्रामक एवं तथ्यहीन सूचनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एथनॉल उत्पादन में वृद्धि से किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में सरकार द्वारा लिए जा रहे सकारात्मक निर्णयों का समर्थन किया जाना चाहिए।
पवन गुर्जर ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और किसानों की आर्थिक समृद्धि के बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है। एथनॉल उत्पादन में वृद्धि से गन्ना, मक्का एवं धान उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में, जहां बड़ी संख्या में किसान गन्ने की खेती पर निर्भर हैं, एथनॉल उद्योग के विस्तार से चीनी मिलों की क्षमता बढ़ेगी, गन्ने की मांग में वृद्धि होगी तथा किसानों की वर्षों पुरानी बकाया भुगतान की समस्या के स्थायी समाधान में मदद मिलेगी। इससे किसानों को समय पर भुगतान और उनकी फसल का बेहतर मूल्य मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि देश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। एथनॉल केवल किसानों की आय बढ़ाने का माध्यम नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, विदेशी ईंधन पर निर्भरता कम करने तथा स्वदेशी ऊर्जा संसाधनों को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। जैव ईंधन के रूप में एथनॉल का अधिक उपयोग प्रदूषण कम करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुर्जर ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए केवल एथनॉल नीति पर्याप्त नहीं है। सरकार को किसानों के हित में ठोस निर्णय लेते हुए आगामी पेराई सत्र में गन्ने का समर्थन मूल्य कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करना चाहिए। साथ ही देश की सभी प्रमुख कृषि उपज के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिल सके।
उन्होंने बताया कि भारतीय किसान यूनियन धनसिंह कोतवाल शीघ्र ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर एथनॉल के समर्थन में ज्ञापन सौंपेगा। प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं किसान प्रतिनिधि शामिल होंगे। संगठन सरकार के समक्ष किसानों का पक्ष मजबूती से रखते हुए एथनॉल नीति को और अधिक किसान हितैषी बनाने के सुझाव देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि मोटर वाहन निर्माताओं के साथ बातचीत कर E50 या उससे अधिक एथनॉल मिश्रण वाले उच्च गुणवत्ता के वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में भी पहल होगी।
पवन गुर्जर ने स्पष्ट किया कि भारतीय किसान यूनियन धनसिंह कोतवाल किसी राजनीतिक दल का संगठन नहीं है। संगठन किसान, मजदूर और नौजवानों के अधिकार एवं सम्मान के लिए संघर्ष करता है। किसानों के हित में सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों का संगठन समर्थन करेगा, जबकि किसानों के हितों के विरुद्ध किसी भी नीति या निर्णय का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा।
उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में सरकार की कोई नीति किसानों, मजदूरों अथवा नौजवानों के हितों के विरुद्ध होती है तो संगठन संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप उसका शांतिपूर्ण एवं सशक्त विरोध करेगा। संगठन का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, उन्हें सम्मान दिलाना तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक जीवन को मजबूत बनाना है।
प्रेस वार्ता में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष, प्रदेश एवं पश्चिमी प्रदेश पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता, बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, नौजवान एवं संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।