Meerut. कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित एकीकृत कमांड कंट्रोल रूम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके बाद उन्होंने स्वयं कांवड़ मार्ग पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर तैनात अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसपी सिटी, एसपी देहात, एसपी क्राइम, एसपी ट्रैफिक सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान कांवड़ यात्रा की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, कंट्रोल रूम से समन्वय, आपात स्थिति में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के बाद एसएसपी अविनाश पांडे ने एसपी क्राइम और पुलिस बल के साथ बेगमपुल चौराहा, माधवपुर चौराहा, हापुड़ अड्डा चौराहा, एल ब्लॉक चौराहा समेत प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पैदल गश्त की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कांवड़ यात्रियों और आम नागरिकों से भी बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया तथा उन्हें सुरक्षित और निर्बाध यात्रा का भरोसा दिलाया। उन्होंने ड्रोन निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बैरिकेडिंग, डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था, पुलिस पिकेट और यातायात प्रबंधन का भी गहन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा सुरक्षा का SSP अविनाश पांडे ने संभाला मोर्चा, कंट्रोल रूम से लेकर कांवड़ मार्ग तक किया निरीक्षण