Noida. सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में एक PG में रह रही असम की 19 वर्षीय युवती महक अहमद की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती का शव उसी मकान में रहने वाले B.Tech इंजीनियर रमन के कमरे से बरामद हुआ। कमरे में बाहर से ताला लगा था और आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मूल रूप से असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली महक अहमद ने 12वीं तक पढ़ाई की थी। करीब तीन सप्ताह पहले वह अपने माता-पिता को बिना बताए नोएडा आई थी। यहां बरौला गांव के एक PG में अपनी 18 वर्षीय सहेली संजना के साथ रह रही थी। दोनों कॉल सेंटर में काम करती थीं।
उसी मंजिल पर रहता था आरोपी रमन
महक और संजना तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर रहती थीं। इसी मंजिल पर बिहार के कटिहार का रहने वाला रमन भी किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। रमन ने B.Tech किया है और पहले एक IT कंपनी में नौकरी कर चुका है। फिलहाल वह बेरोजगार बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को संजना किसी काम से दो दिन के लिए बाहर चली गई थी। रात में महक कमरे के बाहर लॉबी में टहल रही थी। इसी दौरान रमन अपने कमरे के बाहर बैठा था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
दो दिन बाद लौटी सहेली, महक का फोन मिला बंद
10 अगस्त को संजना वापस PG पहुंची तो महक कमरे में नहीं थी। उसने फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद मिला। काफी तलाश के बाद भी महक का पता नहीं चला।
इसी बीच मकान में रहने वाले लोगों को रमन के कमरे से तेज बदबू आने लगी। कमरे पर बाहर से ताला लगा हुआ था और रमन भी गायब था। किराएदारों ने इसकी जानकारी मकान मालिक सार्थक बंसल को दी।
मकान मालिक ने 10 अगस्त दोपहर करीब 12 बजे डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का ताला खुलवाया। अंदर महक का शव मिला। शरीर पर कई चोटों के निशान थे। शुरुआती जांच में धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने आरोपी के कमरे और आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं। महक के मोबाइल फोन को भी जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही है।
पुलिस PG में रहने वाले अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही फरार रमन की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
एडीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, युवती के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल हत्या की सही वजह स्पष्ट नहीं हुई है। 8 अगस्त की रात महक और रमन के बीच हुई कहासुनी सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
नोएडा के PG में असम की 19 साल की लड़की की हत्या, B.Tech इंजीनियर फरार, कमरे में लाश छिपाकर बाहर से लगाया ताला